राष्ट्रपति भवन के सुरक्षा जवान ने पीया कीटनासक ,पत्नी से मिलने आया था बिलासपुर
NEWS 36 CHHATTISGARH
राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात एक आर्मी जवान ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित होटल में कीटनाशक पी लिया। उसे CIMS में भर्ती कराया गया है। जहां से प्राइवेट अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जवान अपनी पत्नी से मिलने आया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ तो होटल में जाकर खुदकुशी का प्रयास किया। इससे पहले उसने एक कार में आग लगा दी थी। जिसके बाद पुलिस जवान को ढूंढते हुए होटल पहुंची तो घटना का पता चला। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, हरियाणा के सिरसा निवासी स्वर्ण सिंह (30) दिल्ली के 6th रेजीमेंट में आर्मी का जवान है। इस समय उसकी तैनाती राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में लगी है। बताया जा रहा है कि 5-6 साल पहले उसने जूना बिलासपुर की रहने वाली झरना गढ़ेवाल से लव मैरिज की थी। इसके बाद उसे 27 खोली मोहल्ले में किराये का मकान दिला दिया। बुधवार को स्वर्ण सिंह बिलासपुर आया तो उसका दोपहर में पत्नी झरना से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
दोनों की हरकतों को देखकर उन्हें मकान मालिक ने झगड़ा करने से मना किया। इसके बाद पत्नी झरना रिपोर्ट लिखवाने के लिए थाने पहुंच गई। पुलिस ने उसकी शिकायत पर स्वर्ण सिंह के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कर लिया। बाद में महिला अपने घर पहुंची, तो रात में दोनों का फिर से विवाद हो गया। मकान मालिक ने मना किया तो स्वर्ण सिंह भड़क गया। वह गुस्से में बाहर निकला और मोहल्ले में खड़ी एक कार में आग लगा दी।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो स्वर्ण सिंह भाग चुका था। पुलिस उसे तलाश करते हुए मंगला स्थित होटल आयुष्मान पहुंची। वहां कमरा अंदर से बंद था। पुलिसकर्मियों ने उसे आवाज लगाई, जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ दिया। अंदर घुसे तो स्वर्ण सिंह बेसुध पड़ा था। पास में ही कीटनाशक की शीशी पड़ी थी। उसकी हालत देखकर पुलिसकर्मियों ने देर रात उसे CIMS में भर्ती कराया। गुरुवार सुबह उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ICU में उसका उपचार चल रहा है।
TI शनिप रात्रे ने बताया कि स्वर्ण सिंह की पत्नी झरना ने करीब 8 माह पहले भी उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया था। तब उसने आरोप लगाया था कि वह मोबाइल से कॉल कर जान से मारने की धमकी देता है। उसकी रिपोर्ट पर स्वर्ण सिंह के खिलाफ थाने में अपराध दर्ज है। बुधवार को भी उसने मारपीट व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की। जिस पर अपराध दर्ज किया गया है।